नवोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल फ़ोन के इस्तेमाल को लेकर उप आयुक्त को पत्र भेजा
मथुरा। लखनऊ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल फ़ोन के बढ़ते और अनियंत्रित इस्तेमाल को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा राजपूत ने नवोदय विद्यालय समिति, लखनऊ क्षेत्र के उप आयुक्त को औपचारिक पत्र लिखकर इस मुद्दे को उठाया। पत्र में बताया गया कि कई विद्यालयों और छात्रावासों में छात्र खुले तौर पर मोबाइल फ़ोन का प्रयोग कर रहे हैं, जो न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन और मानसिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर डाल रहा है।
राजपूत ने अपने पत्र में यह भी बताया कि नवोदय विद्यालय समिति की आचार संहिता, सीबीएसई संबद्धता उपविधियों का नियम 23, और शिक्षा मंत्रालय के दिशा-निर्देश स्पष्ट रूप से छात्रों के मोबाइल प्रयोग पर रोक लगाते हैं। इसके बावजूद विद्यालय स्तर पर प्रभावी निगरानी और नियंत्रण न होने से यह प्रवृत्ति तेज़ी से बढ़ रही है।
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के अविनाश मेहरोत्रा बनाम भारत संघ (2009) वाले फैसले का हवाला देते हुए कहा कि “राज्य और शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को सुरक्षित और ध्यान केंद्रित शिक्षा का वातावरण प्रदान करें।”
सामाजिक कार्यकर्ता ने समिति से तत्काल कड़े निर्देश, अनुशासनात्मक कार्रवाई, और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने उप आयुक्त से फोन पर भी बात की और इस विषय पर व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस पूरे मामले पर अब नवोदय विद्यालय समिति की आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें हैं।
